श्री अवध डाटकाम 9839627223
मुंगरा बादशाहपुर /जौनपुर :-- समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती क्षेत्र में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुंगरा बादशाहपुर विधायक पंकज पटेल ने सपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों के साथ मधुपुर के एक प्रतिष्ठान पर नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद केक काटकर जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंकज पटेल ने कहा कि नेताजी का संपूर्ण जीवन संघर्ष, त्याग और समाजसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने सदैव किसानों, गरीबों, मजदूरों, नौजवानों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। समाज के हर वर्ग को सम्मान और न्याय दिलाने के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचार और उनके जनहितकारी कार्य समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनकी जयंती के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने जनता के हितों की रक्षा करने, जरूरतमंदों की मदद करने और समाज के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नेताजी के बताए रास्ते पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

0 Comments