रुपईडीह के तिर्रे मनोरमा से लेकर इटियाथोक के ईश्वर नन्द कुट्टी व धुसवा-जयप्रभा तक गूंजे जयकारे
रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
इटियाथोक / गोंडा :-- कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जिले में आस्था का महासागर उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों मेलार्थी पवित्र नदियों और घाटों पर स्नान, दान और दीपदान के लिए पहुंचने लगे।
रुपईडीह के प्रसिद्ध तिर्रे मनोरमा घाट पर सबसे बड़ी भीड़ देखने को मिली। यहां लाखों श्रद्धालुओं ने मनोरमा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। घाट पर सुबह से ही "हर हर गंगे, जय मनोरमा मैया" के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दीपदान किया, ब्राह्मणों को दान दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाट के किनारे मेले में मिठाई, खिलौने, पूजा सामग्री और चाट-पकौड़ी की दुकानें सजी रहीं।
इटियाथोक क्षेत्र अंतर्गत ईश्वर नन्द कुट्टी पर भी श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा लगा। यहां संतों के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। कुट्टी पर भजन-कीर्तन, कथा और भंडारे का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने संतों का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। पूरा परिसर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर रहा।
इसी तरह धुसवा जयप्रभा ग्राम में भी कार्तिक पूर्णिमा का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। जयप्रभा ग्राम में जहां श्रीराम कथा महोत्सव चल रहा है, वहीं आज पूर्णिमा के अवसर पर विशेष पूजा और दीपदान हुआ।घाटों पर महिलाओं ने सामूहिक स्नान किया और दीप जलाकर गंगा मैया की आरती उतारी। बच्चों ने झूलों और खिलौनों का आनंद लिया।
सभी प्रमुख घाटों और मेला स्थलों पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गोताखोरों की टीम भी घाटों पर तैनात रही, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। शाम को दीपदान के समय सभी घाट हजारों दीपों से जगमगा उठे। ऐसा लगा मानो धरती पर ही देव दीपावली उतर आई हो।

0 Comments