नीलगाय बचाने के चक्कर में दो कारों की टक्कर, चार घायल

 

          ‌श्री अवध डाटकाम   9839627223

जफराबाद/ जौनपुर :- स्थानीय थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हौज पोखरा गांव के पास सोमवार को नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ चली गई और सामने से आ रही  कार से टकराकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर हौज पहुंचाया गया, जहां बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, सरपतहां थाना क्षेत्र के करीमपुर बिंद गांव निवासी 74 वर्षीय प्रमोद उपाध्याय लकवाग्रस्त हैं। वह अपने पुत्र अनंजय उपाध्याय (32) और चालक के साथ इर्टिगा कार से बीएचयू दवा लेने गए थे। दवा लेकर तीनों घर लौट रहे थे जैसे ही उनकी कार हौज पोखरा गांव के पास पहुंची थी, तभी अचानक दूसरी तरफ से आ रही टियागो कार नीलगाय को बचाने के चक्कर में डिवाइडर फांदकर उ इर्टिगा से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टियागो कार पलट गई।

बताया गया कि टियागो कार में कन्नौज निवासी हिमांशु द्विवेदी (35) पुत्र देवेंद्र द्विवेदी, उनके भतीजे स्वतंत्र द्विवेदी (24) पुत्र ब्रह्मानंद द्विवेदी चालक सहित वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।

हादसे में इर्टिगा सवार प्रमोद उपाध्याय और उनके पुत्र अनंजय उपाध्याय के अलावा टियागो सवार हिमांशु द्विवेदी व स्वतंत्र द्विवेदी घायल हो गए। प्रमोद उपाध्याय को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कारों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

Post a Comment

0 Comments