श्री अवध डाटकाम 9839627223
अवैध उतराई वसूली बंद करने व गन्ना मूल्य 600 रुपये करने की मांग
इटियाथोक, गोंडा :- गोंडा के गन्ना किसानों का सब्र अब टूट गया है। अखिल भारतीय किसान संघ ने ऐलान कर दिया है कि 30 नवंबर 2026 से अयाह गन्ना क्रय केंद्र, इटियाथोक, पर किसानों का महा धरना व अनशन शुरू होगा। यह धरना तब तक चलेगा, जब तक किसानों की जायज मांगें पूरी नहीं हो जातीं। धरने की अगुवाई जिला अध्यक्ष रंजीत तिवारी व प्रदेश महामंत्री मंत्री दिलीप मिश्रा करेंगे। संगठन का कहना है कि हर साल किसान खून-पसीना बहाकर गन्ना उगाता है, लेकिन उसे उसका हक नहीं मिलता। ऊपर से क्रय केंद्रों पर अवैध उतराई वसूली का बोझ अलग से लाद दिया जाता है।
*दो ही मुख्य मांगे, पर किसानों के लिए जीवन-मरण का सवाल*
1. *अवैध उतराई वसूली बंद करो -* किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्रों पर तौल के नाम पर, उतराई के नाम पर उनसे अवैध वसूली की जाती है। गरीब किसान मजबूरी में देता है, लेकिन अब नहीं देगा। संगठन ने मांग की है कि इस अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
2. *गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करो -* डीजल, खाद, बीज, मजदूरी सब महंगा हो गया है, लेकिन गन्ने का दाम आज भी वही पुराना है। किसान कर्ज में डूब रहा है। इसलिए संगठन की मांग है कि गन्ना मूल्य बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए, ताकि किसान की लागत निकल सके और परिवार का पेट पल सके।
अयाह स्थल को धरने के लिए इसलिए चुना गया है, क्योंकि यही वो केंद्र है जहां सबसे ज्यादा किसान अपना गन्ना लेकर आते हैं और सबसे ज्यादा शिकायतें भी यहीं से आती हैं। संगठन का कहना है कि अयाह से उठी आवाज पूरे जिले व प्रदेश में गूंजेगी।
जिला अध्यक्ष रंजीत तिवारी ने कहा कि"हम लड़ाई-झगड़ा नहीं चाहते, हम शांतिपूर्ण धरना करेंगे। लेकिन अब किसान चुप नहीं बैठेगा। अवैध वसूली बंद होनी ही चाहिए और 600 रुपये मूल्य मिलना ही चाहिए। अगर मांग नहीं मानी गई, तो धरना अनशन में बदलेगा और आंदोलन और बड़ा होगा।"
प्रदेश महामंत्री दिलीप मिश्रा ने कहा कि"किसान इस देश का अन्नदाता है। अन्नदाता को भिखारी मत बनाओ। सरकार और मिल मालिक किसानों की आवाज सुनें, नहीं तो 30 नवंबर से शुरू होने वाला ये धरना इतिहास लिखेगा।"
धरने को लेकर गांव-गांव में तैयारी शुरू हो गई है। किसान एक-दूसरे को फोन करके, गांव में बैठक करके 30 नवंबर को अयाह पहुंचने का संकल्प ले रहे हैं। संगठन का दावा है कि धरने के पहले ही दिन हजारों किसान अयाह पहुंचेंगे।
अब सबकी निगाह 30 नवंबर पर है। क्या प्रशासन किसानों की मांगों को मानकर धरना खत्म कराएगा, या किसान अपने हक के लिए अनशन पर बैठकर बड़ी लड़ाई का बिगुल फूकेंगे?

0 Comments