यूपी पुलिस का कारनामा, मारपीट में घायल पीड़ित पर ही दर्ज किया मुकदमा

          श्री अवध डाटकाम   9839627223

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी

गोंडा :-  जिले की इटियाथोक क्षेत्र में यूपी पुलिस का अजीब कारनामा सामने आया है जहां अपनी कार्यशैली से हमेशा सुर्खियों में रहने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक मारपीट मामले में घायल पीड़ित के ऊपर ही मुकदमा दर्ज कर दिया है और पीड़ित न्याय के लिए भटक रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त क्षेत्र अंतर्गत रुदापुर में 17 तारीख को पुरानी रंजिश में हुई मारपीट में पीड़ित राम जनम पुत्र राम अदालत को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसके गर्दन की हड्डी तक टूट गई। शरीर पर चोट के निशान साफ दिख रहे हैं। लेकिन थाने में पहुंचते ही खेल उल्टा हो गया। पुलिस ने पिटने वाले पर ही मुकदमा लिख दिया गया।

पीड़ित रामजनम का आरोप है कि 17 तारीख की शाम विपक्षी रामजी, सुग्गल और उसके लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मारपीट में उसकी हसुली टूट गई। वह दर्द से कराहता रहा, जमीन पर गिरकर तड़पता रहा।

रामजनम ने रोते हुए कहा -

_"साहब, मेरी हसुली टूटी है, पूरा शरीर दर्द से फटा जा रहा है। मैं थाने में न्याय मांगने गया था, लेकिन पुलिस ने मेरी एक नहीं सुनी। विपक्षियों की बात मानकर उल्टा मेरे ही ऊपर मुकदमा लिख दिया। अब बताइए, गरीब आदमी न्याय के लिए कहां जाए? क्या थाने में सिर्फ दबंगों की सुनी जाएगी?"

ग्रामीणों का सबसे बड़ा सवाल यही है - जब पीड़ित की हसुली टूटी है, चोट के निशान साफ हैं, तो पुलिस ने उसका मेडिकल क्यों नहीं कराया? बिना जांच, बिना मेडिकल, बिना सच्चाई जाने एकतरफा मुकदमा कैसे दर्ज हो गया?

ग्रामीणों का कहना है कि इटियाथोक थाने में अब पीड़ित की नहीं, बल्कि दबंगों की सुनी जा रही है। जो जितना ताकतवर, पुलिस उसी की तरफ रहती है।

इस एकतरफा कार्यवाही के बाद पूरे रुदापुर गांव में आक्रोश है। लोग खुलकर कह रहे हैं कि अगर पीड़ित को ही अपराधी बना दिया जाएगा, तो आम आदमी थाने जाने से डरेगा।

पीड़ित रामजनम ने कप्तान व उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, उसका मेडिकल कराया जाए, और दोषी पुलिसकर्मियों व हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अब देखना है कि उच्च अधिकारी इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित को न्याय दिलाते हैं, या पीड़ित को ऐसे ही थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

Post a Comment

0 Comments