जौनपुर में नियत तिथि से एक दिन पहले पहुंची बारात, हैरान कन्या पक्ष वाले संभालें स्थिति, हुई शादी

 

         श्री अवध डाटकाम      9839627223

जौनपुर :-- जिले में शादी के लिए नियत तिथि से एक दिन पहले दुल्हन के घर बारात पहुंचते एक बार कन्या पक्ष वाले हैरान हो गए लेकिन बाद में कन्या पक्ष वालों ने स्थिति को संभाला और आनन - फानन में शादी की रस्म पूरी कराई। दरअसल तय तारीख को लेकर हुई गलतफहमी के चलते दूल्हा अपनी बारात लेकर निर्धारित दिन से एक दिन पहले ही दुल्हन के घर पहुंच गया।अचानक दरवाजे पर बैंड-बाजा और बारात देखकर दुल्हन पक्ष के लोग चौंक गए। घरातियों को समझ ही नहीं आया कि आखिर बारात एक दिन पहले कैसे पहुंच गई। जिस दिन शादी की तैयारियों के बीच बारात आने की उम्मीद थी उससे पहले ही मेहमानों की भीड़ दरवाजे पर पहुंच गई। इस अनोखी घटना के पीछे की वजह थी शादी की तारीख लिखने में हुई गलती। 

मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर के खुटहन क्षेत्र के बांसगंज मखदुमपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद चौधरी की बेटी कंचन चौधरी की शादी सुजानगंज क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी जमुना प्रसाद कन्नौजिया के बेटे नरसिंह कन्नौजिया से तय हुई थी।

शादी की तारीख 21 नवंबर निर्धारित थी, लेकिन दोनों पक्षों के पुरोहितों से तिथि लिखने में चूक हो गई। नतीजा यह हुआ कि करीब 100 बाराती 20 नवंबर को ही बैंड-बाजे के साथ दुल्हन के घर पहुंच गए।अचानक बारात पहुंचने से घराती हैरान रह गए। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बारात के स्वागत की व्यवस्था तत्काल करनी पड़ी। इस दौरान करीब आधे बाराती रास्ते से ही वापस लौट गए।हालांकि परिवार ने किसी तरह व्यवस्था संभाली और अगले दिन शनिवार सुबह शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं। इसके बाद दुल्हन की विदाई भी कर दी गई। लेकिन यह संयोग क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments