बरसठी पुलिस ने टावर शो पर लगाया अंकुश, प्रेमी युगल को भेजा जेल

 

           श्री अवध डाटकाम   9839627223

बरसठी/जौनपुर :-- जिले में लगातार चल रहे टावर शो पर अंकुश लगाते हुए बरसठी पुलिस ने 15 नवम्बर 2026 को बारी गांव में टावर पर चढ़कर शादी का दबाव बनाने वाली युवती को प्रेमी सहित जेल भेज दिया है। पुलिस ने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने के मामले में युवती नेहा गौतम और उसके प्रेमी अभिजीत कुमार गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को बारीगांव हनुमानगर में युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। उसने नीचे उतरने के बजाय आत्महत्या करने की धमकी देकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया था। इस दौरान समाज में अशांति उत्पन्न करने, लोक व्यवस्था और यातायात बाधित करने तथा मोबाइल टावर की आपूर्ति रोकने की धमकी देने का आरोप है।

पुलिस का कहना है कि युवती और उसके प्रेमी ने मौके पर मौजूद शासन-प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अनुचित कार्य करने का दबाव बनाया तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले को गंभीरता से लेते हुए बरसठी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 436/2026 के तहत बीएनएस की धारा 221, 226, 270, 329, 351(2) और 61(2)(बी) में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले में मीरगंज थाना क्षेत्र के बसेरवां गांव निवासी नेहा गौतम पुत्री दिनेश गौतम और अभिजीत कुमार गौतम पुत्र हिंचलाल गौतम को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया है।

Post a Comment

0 Comments