राम वन गमन की कथा सुन श्रोताओं के छलके आंसू

         श्री अवध डाटकाम    9839627223

केवट प्रेम पर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

 रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 

इटियाथोक/ गोंडा :-  जयप्रभा ग्राम में चल रहे श्रीराम कथा महोत्सव के सातवें दिन सोमवार (23 नवंबर) को कथा पंडाल भावनाओं से भर गया। कथा व्यास राजन जी महाराज ने कैकेयी के वरदान से लेकर केवट संवाद तक के प्रसंगों का ऐसा वर्णन किया कि कभी श्रद्धालुओं की आंखें नम हुईं तो कभी पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

महाराज जी ने सुनाया कि कैसे कैकेयी ने राजा दशरथ से राम को 14 वर्ष का वनवास और भरत को राजगद्दी का वरदान मांगा। माता कैकेयी के वचनों को निभाने के लिए प्रभु श्रीराम ने हंसते हुए वनवास स्वीकार किया। माता सीता और भाई लक्ष्मण भी उनके साथ वन को चल पड़े।

इसके बाद महाराज जी ने पुत्र वियोग में राजा दशरथ के देह त्याग का मार्मिक प्रसंग सुनाया। इस प्रसंग को सुनकर पंडाल में बैठे सैकड़ों श्रद्धालु भावुक हो गए। कई महिलाओं की आंखों से आंसू छलक पड़े।

फिर कथा आगे बढ़ी और श्रृंगवेरपुर में गंगा तट पर केवट संवाद का प्रसंग आया। महाराज जी ने बताया कि केवट ने कहा - प्रभु, आपकी चरण रज से पत्थर भी नारी बन गया, अगर मेरी नाव भी नारी बन गई तो मेरा घर कैसे चलेगा, इसलिए पहले आपके पांव पखारने दीजिए।

केवट ने प्रेम पूर्वक प्रभु श्रीराम के पांव पखारे, चरणामृत पिया और फिर उन्हें नाव में बैठाकर गंगा पार कराया। केवट के निश्छल प्रेम और प्रभु की कृपा का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पूरा पंडाल "केवट प्रेम की जय" के जयकारों से गूंज उठा।

कथा के अंत में महाराज जी ने कहा कि कैकेयी का वरदान हो या केवट का प्रेम, रामकथा यही सिखाती है कि मर्यादा, त्याग और भक्ति से बड़ा कोई धर्म नहीं है। राम ने पिता के वचन के लिए राजपाट छोड़ दिया और केवट ने प्रेम के लिए सब कुछ पा लिया।

सातवें दिन की कथा में पधारे जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राम दिनेशाचार्य महाराज का महंत आलोक दास ने चरण पखार कर स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर महंत बृजमोहन दास, जम्मू वाले बाबा, महंत आलोक दास के पिता भ्रमर दास, बड़े भाई अवधेश महाराज सहित अन्य संत-महापुरुष व विशिष्ट जन मौजूद रहे। कथा के बाद भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया

Post a Comment

0 Comments