आउट सोर्स कार्मिकों को मिला उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम का तोहफा

        श्री अवध डाटकाम    9839627223

रिपोर्ट - मिथिलेश जायसवाल 

लखनऊ  :-- मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लोक भवन सभागार लखनऊ में आयोजित समारोह में संपूर्ण आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण हेतु गठित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मा. मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के पोर्टल एवं वेबसाइट की लांचिंग के साथ-साथ निगम के लोगों का अनावरण किया तथा आउटसोर्स कर्मियों को चेक का वितरण किया गया। 

उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के शुभारम्भ अवसर पर कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ में आयोजित समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, नगर पालिका परिषद बहराइच की अध्यक्ष श्रीमती सुधा देवी व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल ने अन्य अतिथि व अधिकारियों के साथ आउटसोर्सिंग सेवा निगम के कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र व किट, उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के लाभार्थियों को डेमो चेक तथा जनपद में चयनित ई.सी.सी.ई. एजूकेटर के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।  तथा आउटसोर्स कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इसी प्रकार उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अन्तर्गत कन्या विवाह सहायता योजना के तहत श्रमिक श्रीमती शीला देवी, सुरेश जायसवाल, सावित्री देवी व रीना मिश्रा को रू. 85-85 हजार, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत 06 लाभार्थियों अलग-अलग धनराशि के कुल रू. 3 लाख 22 हजार 635 के डेमो चेक का वितरण किया गया। अतिथिगण द्वारा सभी लाभान्वित लाभार्थियों  एवं आउट सोर्स कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए मा. मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्मिकों की सेवाओं से संबंधित प्रक्रियाओं को एकीकृत एवं डिजिटल स्वरूप प्रदान किया जाएगा। वेबसाइट एवं पोर्टल के शुभारंभ से आउटसोर्सिंग से जुड़ी सूचनाएं, सेवाएं एवं प्रक्रियाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगी। मा. मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा भर्ती एवं सेवाओं की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा संबंधित अभ्यर्थियों एवं विभागों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध होंगी। मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पोर्टल को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए पात्र लोगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम का संचालन रवि पाठक ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बहराइच की अधिशासी अधिकारी प्रमिता सिंह, सहायक श्रमायुक्त राज बहादुर यादव, जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, सभासदगण तथा बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments