फांसी लगाकर ‌ अधिवक्ता ने दी जान, मचा कोहराम

 

           श्री अवध डाटकाम   9839627223

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 

 गोंडा :- जिले में खरगूपुर थाना क्षेत्र के जानकी नगर चौकी अंतर्गत जय प्रभा ग्राम में बीती रात एक अधिवक्ता ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।मृतक की पहचान विजय शुक्ला के रूप में हुई है। वह पेशे से अधिवक्ता थे और गांव में ही एक निजी विद्यालय का संचालन भी करते थे। मिली जानकारी के अनुसार रोज की तरह बीती रात भी विजय शुक्ला अपने कमरे में सोने चले गए और कमरे को अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक कोई आहट नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका पर खिड़की से झांक कर देखा तो उनका शव छत के हुक से गमछे के फंदे पर लटका हुआ था।यह देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजनों ने गमछा काटकर उन्हें नीचे उतारा और निजी वाहन से जिला अस्पताल बलरामपुर ले गए जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना अस्पताल से कोतवाली नगर बलरामपुर पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस संबंध में जानकी नगर चौकी प्रभारी कामेश्वर राउत ने बताया कि रात करीब 1 बजे मृतक के बेटे अंश ने चौकी पर आकर सूचना दी थी कि उसके पिता ने कमरा बंद कर लिया है और दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, परिजन शव को नीचे उतार चुके थे।वहीं कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिया भेजा गया है। मृतक के परिवार में पत्नी रेनू देवी, बेटा अंश और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर हाल बेहाल है वहीं गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।

Post a Comment

0 Comments