पीली नदी में मिला लापता युवक का शव, साथी की तलाश में जुटी पुलिस

              श्री अवध डाटकाम   9839627223

जौनपुर :-  जिले के सिंगरामऊ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर से लापता दो युवकों में से एक का शव सोमवार सुबह क्षेत्र की पीली नदी में उतराया मिला। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम मोटरसाइकिल पुल के पास पुलिस को दोनों युवकों के संबंध में अहम सुराग मिला था। इसके बाद से ही उनकी तलाश की जा रही थी।  मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मल्लूपुर गोनौली निवासी गोरखनाथ पुत्र रामआसरे (24) और ग्राम बछाड़ी तियरा निवासी मोनू पुत्र रामकुमार (26) शुक्रवार 28 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे से लापता थे। परिजन और ग्रामीण दोनों युवकों की लगातार तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोमवार सुबह पीली नदी में ग्रामीणों ने एक युवक का शव उतराया देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान गोरखनाथ के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।  सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी बदलापुर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं दूसरे लापता युवक मोनू की तलाश में पुलिस नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है।दोनों युवक पीली नदी तक कैसे पहुंचे और गोरखनाथ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है। दूसरे युवक की तलाश के लिए भी पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

Post a Comment

0 Comments