एक कमरे में मिला पति-पत्नी का शव,जांच में जुटी पुलिस

         श्री अवध डाटकाम      9839627223

जौनपुर :- जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के तिसौली गांव में गुरुवार सुबह पति-पत्नी का एक कमरे में शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार तिसौली गांव निवासी गोविंद (23) पुत्र मिठाई लाल की शादी करीब तीन माह पहले 10 मई को 21 वर्षीय नेहा के साथ हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक शादी के बाद से ही दंपती के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। विवाद के चलते नेहा कई बार अपने मायके भी चली जाती थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात में दोनों अपने कमरे में चले गए। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। परिजन आवाज लगाए लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। नेहा का शव बेड पर पड़ा था, जबकि गोविंद का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था।

बताया गया कि घर में गोविंद, उसकी पत्नी नेहा और पिता मिठाई लाल रहते थे। गोविंद का छोटा भाई धर्मेंद्र रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments