पुलिस ने 24 घंटे में एक उचक्के को किया लंगड़ा, मंगलसूत्र और अवैध असलहा बराम

        श्री अवध डाटकाम   9839627223

रिपोर्ट - विजय बाजपेयी

नानपारा/बहराइच :-- जिले के मटेरा थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र झपटने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। स्वाट (SWAT) और मटेरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रिसिया भर्ती कराया गया है। अभियुक्त पर पहले से आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 1 सितंबर को लखीमपुर खीरी जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुआगाड़ा निवासी गंगोत्री (पत्नी सुरेंद्र) अपने रिश्तेदार के घर मसूद नगर कोतवाली नानपारा से लौट रही थी। गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना मटेरा में मुकदमा संख्या 138/2026 (धारा 304(2)) पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच ने घटना के जल्द खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे अपराधियों के संबंध में अहम सुराग हासिल हुए। बुधवार की रात स्वाट टीम और मटेरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों बदमाश चोरी की मोटरसाइकिल से मटेरा-शंकरपुर-नानपारा रोड होते हुए बिलवा नहर मोड़ की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मोटरसाइकिल से गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए घायल अभियुक्त की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब (पुत्र मुग्गर, निवासी आगा पुरवा शेखदहीर, थाना कोतवाली देहात) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त पर आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए अपराधी के पास से 1 देशी तमंचा 315 बोर,1 चोरी की मोटरसाइकिल होंडा शाइन - UP 32 GW 4289,1 लूटा हुआ पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान रकीब का साथी असलम दूसरी मोटरसाइकिल (UP 40 BF 6651) से नानपारा की तरफ भागने में सफल रहा। पुलिस टीमों द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

Post a Comment

0 Comments