तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किशोर की मौत, बाइक सवार भी घायल

             श्री अवध डाटकाम      9839627223

रिपोर्ट - दिलीप सिंह 

इटियाथोक / गोण्डा :-  स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोण्डा-बलरामपुर हाईवे पर बेलवा करमडीह गांव के पास गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम खरगूपुर थाना क्षेत्र के मधवानगर (मर्दन पुरवा) निवासी हिमांशु (15) पुत्र करुणा निधान द्विवेदी साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशु सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देखकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। डायल-112 पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल किशोर को आनन-फानन में इटियाथोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद हिमांशु को मृत घोषित कर दिया।

वहीं हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए गोण्डा भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष इटियाथोक गौरव सिंह तोमर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments