श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - अबू शहमा
कैसरगंज / बहराइच :- मदनी इंटर कॉलेज कैसरगंज में एनडीआरएफ 11वीं बटालियन गोरखपुर की टीम द्वारा आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने तथा जरूरत पड़ने पर दूसरों की सहायता करने के लिए आवश्यक प्राथमिक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।
कार्यक्रम में एनडीआरएफ के प्रशिक्षक इंस्पेक्टर दीपक मंडल के नेतृत्व में टीम के सदस्यों दिलीप कुमार पटेल,धनमती देवी, जितेंद्र कुमार यादव, दुर्गेश चौरसिया एवं श्री रजनीश देव सिंह ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान बचाव एवं सुरक्षा के उपाय, बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित रहने के तरीके, दुर्घटना के समय प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आवश्यक बचाव तकनीकों की जानकारी देने के साथ ही व्यावहारिक रूप से भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरशद रईस ने एनडीआरएफ टीम का स्वागत करते हुए कहा कि आपदा के समय सही जानकारी और समय पर उठाया गया उचित कदम किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य डॉ. नजमुज़्ज़मां ने एनडीआरएफ टीम के अधिकारियों एवं जवानों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकगण रियाजुर्रहमान मलिक,मुशीर अहमद, श्री अनीस अहमद, माधव वर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में आपदा के समय धैर्य, सावधानी और त्वरित सहायता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

0 Comments