श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा :-- जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग पढ़ने जा रहे दो छात्रों की मौत हो गई। देवरिया कला-पिपरा बोधर मार्ग पर करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी।
मिली जानकारी के लिए सोमवार सुबह विपिन मौर्य (15) और अमन (14) दोनों छात्र बाइक से कोचिंग जा रहे थे। इसी दौरान देवरिया कला-पिपरा बोधर मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगूपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया।

0 Comments