महावीर मंदिर में श्रद्धा एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण छठी का उत्सव

 

     श्री अवध डाटकाम   9839627223

सुजानगंज / जौनपुर :-- स्थानीय क्षेत्र के सुजानगंज बाजार स्थित श्री महावीर मंदिर परिसर में मंगलवार शाम को भगवान श्रीकृष्ण के छठी उत्सव बड़ी श्रद्धा एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया गया। जहां सुंदरकांड पाठ और भंडारे का भी आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ सुना और प्रसाद ग्रहण किया।

धार्मिक अनुष्ठान के साथ कार्यक्रम का आरंभ हुआ , इसके बाद भजन गायक पवन पांडेय ने सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया। उनकी मधुर आवाज से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर जय श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे लगाते रहे।

पवन पांडेय ने सुंदरकांड पाठ के साथ कई भक्ति गीत और भजन भी गाए। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमने लगे। उनके भाई बिपिन पांडेय ने ढोलक पर संगत की, जिससे कार्यक्रम और भी शानदार हो गया। उनकी नाल वादन की प्रस्तुति ने लोगों को तालियां बजाने और भक्ति में झूमने पर मजबूर कर दिया। देर तक मंदिर परिसर भक्तिमय गीत-संगीत से गूंजता रहा। मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। लोगों ने कतार में लगकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में काफी भीड़ रही और पूरा माहौल धार्मिक और उत्सव जैसा था।

आयोजकों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के छठी उत्सव पर इस धार्मिक कार्यक्रम के जरिए लोगों को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ने की कोशिश की गई। सुंदरकांड पाठ और भंडारे में स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारे लगाए। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। भंडारे के प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम खत्म हुआ।

Post a Comment

0 Comments