श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - विनोद जायसवाल
बहराइच :- जिले के रानीपुर क्षेत्र रंजीतपुर पावर हाउस से पिछले कई दिनों से चल रही अघोषित विद्युत कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था से परेशान सैकड़ों उपभोक्ताओं का सब्र आखिरकार टूट गया। जन संघर्ष मंच के बैनर तले शनिवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने रंजीतपुर पावर हाउस पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर बैठ गए।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह से ही पावर हाउस पर उपभोक्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। आरोप है कि रोस्टर के नाम पर दिन में कई-कई घंटे बिजली गायब रहती है, लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से घरों के उपकरण जल रहे हैं। आक्रोशित उपभोक्ता पावर हाउस परिसर में ही धरने पर बैठ गए और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी किए तथा सड़क पर बैठकर अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश किए।
सूचना पर सदर मजिस्ट्रेट और रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले हंगामे के बाद बिजली विभाग के SDO और JE को मौके पर बुलाया गया उपभोक्ताओं ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों का एक लिखित ज्ञापन SDO को सौंपा, जिसमें मुख्य रूप से -
1. अघोषित कटौती तुरंत बंद की जाए
2. रोस्टर का कड़ाई से पालन हो
3. जर्जर तारों और ट्रांसफार्मरों को बदला जाए
4. ओवरलोड की समस्या
5. स्थायी समाधान किया जाए
विभागीय अधिकारियों ने ज्ञापन पर लिखित आश्वासन और संतुष्टि पत्र देकर जल्द सुधार का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना समाप्त किया गया।
धरना प्रदर्शन की अगुवाई जन संघर्ष मंच के आसिफ सिद्दीकी व देवेन्द्र प्रताप सिंह ने की। इस दौरान शिवराम गुप्ता,मनोज जायसवाल, कौशल, कलीम , सुनील सोनी,दिनेश गौतम,गोलू सिंह,दिलशाद अहमद, समेत सैकड़ों की संख्या में स्थानीय उपभोक्ता मौजूद रहे।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष रानीपुर हरेन्द्र नाथ राय,उपनिरीक्षक विनोद पांडेय,उपनिरीक्षक सब्बीर खान मय फोर्स के साथ मौके पर डटे रहे। पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

0 Comments