डाकखाने में अभिकर्ता के बैग से अज्ञात चोर ने₹ 50100 किया पार, मचा हड़कंप

         श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 

गोंडा :- जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र इटियाथोक कस्बा स्थित डाकघर से अज्ञात चोर ने एक डाक अभिकर्ता के बैग से ₹ 50100 पार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच पड़ताल में जुट गई है। 

मिली जानकारी के अनुसार इटियाथोक क्षेत्र के अयाह गांव निवासी डाक विभाग के अभिकर्ता संत प्यारे तिवारी 10 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे इटियाथोक कस्बा स्थित डाकघर में ₹50,100/- लेकर गए थे। अभिकर्ता का कहना है कि वह उक्त धनराशि से भरा बैग में रखे थे जो कि डाकघर के अंदर से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिए गए। घटना के बाद डाकघर मे हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है की चोरी के वक्त अनेक बाहरी लोग अंदर मौजूद थे, इसी बीच किसी अज्ञात चोर ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी और टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल व पूछताछ की है। वही पीड़ित ने रकम चोरी की तहरीर भी डाकघर से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित इटियाथोक थाने में दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पीड़ित के बच्चो और परिजनो का कहना है कि इस डाकघर में कोई सीसीटीवी कैमरा नही लगा है और यहां कोई सुरक्षा गार्ड भी नही रहता है जिस वजह यह घटना हुई है।

पीड़ित अभिकर्ता ने बताया की वह डाक विभाग के कर्मचारी थे जो अब सेवानिवृत्त हो चुके है। डाकघर की बचत योजनाओं से संबंधित कार्य हेतु अभिकर्ता के रूप में वह यहां कार्य कर रहे हैं और उनका पंजीकरण भी है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह किसान विकास पत्र एवं एसबी खाते में नया खाता खोलने तथा उसमें धनराशि जमा करने के उद्देश्य से ₹50,100/- (पचास हजार एक सौ रुपये) की नकद धनराशि लेकर डाकघर कार्यालय में पहुंचे थे। उनके द्वारा उक्त धनराशि जमा करने हेतु आवश्यक प्रपत्र एवं कागजात काउंटर पर प्रस्तुत किए गए, किंतु कार्यालय में अत्यधिक कार्य होने के कारण तत्काल धनराशि जमा करने की प्रक्रिया नहीं हो सकी। फलस्वरूप उन्होंने उक्त ₹50,100/- की नकद धनराशि अपने पास बैग में लेकर कार्यालय परिसर में ही अंदर बैठकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करता रहा। इसी दौरान वह सामने काउंटर पर पुनः पूछताछ हेतु पल भर के लिए गए और वापस आकर देखे तो बैग के जेब से उक्त रकम चोरी हो गया था। काफी खोजबीन एवं पूछताछ करने के बावजूद धनराशि का कोई पता नहीं चल सका। उक्त घटना से प्रार्थी को पूर्ण आशंका है कि अंदर मौजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। डाकघर में तैनात पोस्टमास्टर कमलेश कुमारी वर्मा ने कहा कि भवन किराए पर होने की वजह से सीसीटीवी कैमरा नही लगा है।

Post a Comment

0 Comments