श्री अवध डाटकाम 9839627223
जौनपुर /आजमगढ़ :- जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरे गांव निवासी एक अधेड़ की आजमगढ़ के एकौना थाना क्षेत्र के सनुवाड़ीह गांव अपनी ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर के आरे गांव निवासी उपेंद्र पाठक (50 वर्ष), पुत्र शिवनाथ पाठक गुरुवार शाम करीब 6 बजे अपनी पत्नी सुप्रिया और छोटे बेटे के साथ बाइक से आजमगढ़ जनपद के एकौना थाना क्षेत्र के सनुवाडीह स्थित अपनी ससुराल गए थे। जहां देर रात करीब 10 बजे उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि उपेंद्र पाठक की हत्या करने के बाद शव को चादर के सहारे पंखे से लटका दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो।
घटना की सूचना मिलते ही आजमगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों की तहरीर के आधार पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments