अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत, दूसरा घायल

          श्री अवध डाटकाम       9839627223

रिपोर्ट - दिलीप सिंह

इटियाथोक /गोंडा :-- जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के करुआ पारा गांव निवासी कृष्ण कुमार पाण्डेय की सोमवार देर रात वजीरगंज क्षेत्र के अशोक पुर टिकिया के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार फूफा के बेटे अजीत तिवारी (निवासी निबिहा परसापुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार पाण्डेय अपने फूफा के बेटे अजीत तिवारी के साथ किसी कार्य से अयोध्या गए थे। देर रात दोनों बुलेट बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजीत तिवारी बाइक समेत करीब 50 मीटर दूर जा गिरे, जबकि कृष्ण कुमार वाहन के नीचे आ गए। वाहन चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज, गोंडा पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान कृष्ण कुमार पाण्डेय की मौत हो गई। अजीत तिवारी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने उन्हें जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

मंगलवार दोपहर शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी आरती, बेटी अंशिका और बेटे आकाश का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे।

Post a Comment

0 Comments