जौनपुर में आपरेशन लंगड़ा में 50 हजार का इनामिया बदमाश घायल, साथी भी गिरफ्तार

        श्री अवध डाटकाम  9839627223


खुटहन/ जौनपुर :-  जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस ने आपरेशन लंगड़ा चलाया जिससे पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतर्जनपदीय 50 हजार का इनामिया शातिर अपराधी घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

 पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत खुटहन पुलिस सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव निवासी भेला थाना सरपतहा जौनपुर के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, अंबेडकर नगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल रिंकू यादव को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

  पुलिस के अनुसार, घायल रिंकू यादव थाना सरपतहाँ का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी और अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम समेत 38 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार सत्यम लोना के विरुद्ध भी पूर्व से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।  मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने किया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

Post a Comment

0 Comments