वज्रपात अभियान के तहत व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा, अराजक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई

         श्री अवध डाटकाम  9839627223

रिपोर्ट - प्रभात सिंह 

बरसठी, जौनपुर। वज्रपात अभियान के तहत थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा की अध्यक्षता एवं थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में सर्राफा व्यवसायियों, पेट्रोल पंप संचालकों, वक्रांगी केंद्र संचालकों तथा अन्य व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं बाजारों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने कहा कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वज्रपात अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों, अराजक प्रवृत्ति के लोगों एवं व्यापारियों को परेशान करने वाले गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या समूह दुकानदारों, व्यापारियों अथवा सम्मानित नागरिकों के साथ अभद्रता, दबाव, धमकी या विवाद करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति अथवा किसी गैंग की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी भय के पुलिस की मदद कर सकें।

थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने कहा कि व्यापारी बड़ी मात्रा में नकदी या आभूषण लेकर आवागमन के दौरान विशेष सावधानी बरतें। यदि किसी को अपने पीछा किए जाने का संदेह हो तो तत्काल सुरक्षित एवं भीड़भाड़ वाले स्थान पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि समय पर मिली सूचना से संभावित घटनाओं को रोका जा सकता है।

बैठक में प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कैमरे अपराध की रोकथाम के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस दौरान आलमगंज पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्र में मिले सकारात्मक परिणामों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि चौकी बनने के बाद लोगों को पुलिस सहायता के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिली है।

बैठक में उपनिरीक्षक अम्बरीष सिंह, अनिल यादव, सुरेंद्र सिंह, राजकुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल सुशील यादव, कौशल सिंह, उमा शंकर सिंह, यादवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments