श्री अवध डाटकाम 9839627223
मड़ियाहूं /जौनपुर :-- स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासिनी सुनीता पटेल (30) पत्नी शैलेश कुमार पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में तबियत बिगड़ी, हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के पिता किशन पटेल निवासी चतुर्भुजपुर थाना बरसठी ने मड़ियाहूं कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2017 में मुकुंदपुर निवासी शैलेश कुमार उर्फ शशी पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों द्वारा अतिरिक्त 5 लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर सुनीता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पिता के अनुसार बीते 28 मार्च की रात पति, जेठ, ससुर सहित अन्य परिजनों ने मिलकर सुनीता की बेरहमी से पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी पाये गये हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। इस बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतका के पास 5 वर्षीय पुत्री आंशि पटेल है।

0 Comments