श्री अवध डाटकाम 9839627223
जौनपुर :-- जिले के कैलाशपति गोधना में रविवार दोपहर बारह बजे समरस फाउंडेशन मुंबई द्वारा जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी और भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह को उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए जौनपुर गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मनोज मिश्रा ने कहा कि महान व्यक्तित्व के धनी, अपरिमित विभूति होने के बाद भी जिनके नस-नस में सहजता की सीख मिलती है, ऐसे समाजसेवी और समाज के युग पुरुष ज्ञान प्रकाश सिंह को सम्मानित करने से ऐसा लग रहा है कि जैसे सम्मान स्वयं सम्मानित हो रहा है। उन्होंने कहा कि मां सरस्वती के जो साधक हैं उन्हें मां लक्ष्मी की कृपा नहीं मिलती है और जो मां लक्ष्मी के साधक हैं उन्हें मां सरस्वती की कृपा नहीं मिलती है विरले ऐसे लोग होते हैं जिन पर दोनों की कृपा होती है, उनमें से एक ज्ञान प्रकाश सिंह हैं। श्री सिंह एक अच्छे रचनाकार भी हैं। जिस व्यक्ति में व्यथा है, दर्द है वहीं व्यक्ति समाज के लिए कुछ कर सकता है। श्री सिंह ने अपने शरीर को परोपकार के लिए ढाल दिया है। जो लोग वादा करके आते हैं वह पिछड़ जाते हैं लेकिन श्री सिंह कभी पीछे नहीं हुए। सैकड़ों मंदिरों का जीर्णोद्धार और न जाने कितने लोगों की श्री सिंह ने मदद की है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुंबई के वरिष्ठ समाजसेवी पं. राधेश्याम तिवारी ने कहा कि मुंबई से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में ज्ञान प्रकाश सिंह ने जो कार्य किए हैं उसकी गिनती नहीं की जा सकती है। मुंबई में भी कई क्षेत्रों में उन्होंने नि:स्वार्थ भाव से काम किया है। जब वह वहां नहीं होते तो हम सब उन्हें मिस करते हैं और यह चर्चा करते हैं कि देखिए उत्तर प्रदेश में ज्ञान प्रकाश सिंह कितना अच्छा कार्य कर रहे हैं। अखबार की सुर्खियों में वह अपने नेक कार्यों के लिए बने रहते हैं।
आयोजक समरस फाउंडेशन के महासचिव शिवपूजन पाण्डेय ने कहा कि यह सम्मान लगभग एक वर्ष से सत्कार मूर्ति की प्रतीक्षा कर रहा था। आज एकादशी के पावन अवसर पर समरस फाउंडेशन अपने सत्कारमूर्ति ज्ञान प्रकाश सिंह को जौनपुर गौरव सम्मान से सम्मानित कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने सम्मान पत्र में अंकित एक-एक शब्द का वाचन किया और यह भी कहा कि आपके तमाम प्रेरणादायक कार्यों को किसी सम्मान पत्र में अंकित नहीं किया जा सकता है। आप जो कार्य कर रहे हैं, उसके लिए तो डायरी के पन्ने भी कम पड़ जाएंगे। इस अवसर पर सम्मानित अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दुबे, डॉ मंगलेश्वर (मुन्ना) त्रिपाठी, डॉ.मधुकर तिवारी, पत्रकार रामदयाल द्विवेदी, पत्रकार देवी सिंह, पत्रकार चंद्रकांत दुबे, पत्रकार अंकित जायसवाल, शिवा सिंह, अजय शुक्ला, विवेक मिश्रा, विनीत तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार प्रमोद पांडे ने किया।

0 Comments