श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोंडा :- तरबगंज वन रेंज में तैनात वन दरोगा बालक राम को एंटी करप्शन टीम ने 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम प्रभारी धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ तरबगंज थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम गोप सराय निवासी राधेश्याम ने वन दरोगा पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे क्षेत्रीय वन अधिकारी तरबगंज रेंज परसदा के मुख्य गेट के पास आरोपी वन दरोगा को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर थाना तरबगंज पहुंची, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। एंटी टीम प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान के साथ अन्य साक्ष्य भी संकलित किए गए हैं और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments