रिपोर्ट - विनोद जायसवाल
बहराइच/रानीपुर। थाना रानीपुर क्षेत्र के प्रेमी दास कुट्टी बाजार में बहराइच रोड हुजूरपुर पर अजय सिंह शिक्षा निकेतन के पास गुरुवार शाम एक अनियंत्रित बस ने दो भैंसों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भैंस सहित पशु पालक व एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक भैंस को टक्कर मारने के बाद बस दूसरी भैंस के ऊपर चढ़ गई और भैंस बस के नीचे फंस गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बस संख्या UP-24 H-6339 प्रेमी दास कुट्टी बाजार से गुजर रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर भैंसों से टकरा गई। हादसे में भैंसों के घायल होने के साथ ही भैंस मालिक ननकू यादव पुत्र बेचू लाल, साधु पुरवा जिगिनिया छत्रपाल सिंह निवासी को भी चोट लगी है घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और बस के नीचे फंसी भैंस को निकालने की कोशिश शुरू हुई सूचना मिलने पर थाना रानीपुर थाना अध्यक्ष हरेंद्र राय अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस ने जेसीबी और हाइड्रा की मदद से बस को हटवाया, जिसके बाद उसके नीचे फंसी भैंस को बाहर निकाला गया इसके बाद पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल भैंसों का उपचार कराया गया पुलिस बस को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। साथ ही मामले में मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया गया।
पुलिस के कुछ देर बाद पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर मदद मिलने से राहत कार्य जल्द शुरू हो सकता था फिलहाल, हादसे में घायल भैंसों के उपचार और मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है।

0 Comments