विवेचना में गंभीर अनियमितता पर दरोगा निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

        श्री अवध डाटकाम   9839627223

रिपोर्ट - दिलीप सिंह 

गोंडा :-  अपनी कार्य शैली को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस का एक कारनामा गोंडा जिले के थाना मोतीगंज में देखने को मिला है जहां एक मुकदमे की विवेचना में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मोतीगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 192/2026, धारा 85, 74, 115(2) और 352 बीएनएस के तहत दर्ज मामले की विवेचना में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की प्रारंभिक जांच के दौरान कई खामियां सामने आईं। जांच में आरोप है कि विवेचक ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और लोकेशन संबंधी तथ्यों की अनदेखी करते हुए आरोप पत्र प्रेषित किया। साथ ही प्रकरण को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत करने और वादनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से साक्ष्यों के विपरीत कार्रवाई किए जाने की बात भी सामने आई।

इसके अलावा, विवेचक पर वादनी को दोबारा प्रार्थना पत्र देकर मामले को उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया जानबूझकर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई और कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही के संकेत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की। पुलिस विभाग की ओर से मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments