श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
इटियाथोक / गोण्डा :-- इटियाथोक बाजार थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर मुख्य बाजार में रोजाना लगने वाले भीषण जाम ने आम जनता की नाक में दम कर दिया है। थाने के नाक के नीचे हो रही इस अराजकता के बावजूद इटियाथोक पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
बाजार में सुबह होते ही सड़क पर ठेले, रेड़ी वालों और सैकड़ों ई-रिक्शा का अवैध कब्जा हो जाता है। सड़क पर ही दुकानें सज जाती हैं, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह सिकुड़ जाता है। हालत यह है कि दो बाइक भी एक साथ नहीं निकल पाती और देखते ही देखते लंबा जाम लग जाता है।
स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि इस जाम में स्कूली बच्चों की बसें और एम्बुलेंस तक घंटों फंसी रहती हैं। अगर किसी गंभीर मरीज के साथ कोई अनहोनी हो गई तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? क्या इटियाथोक पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है?
अब सवाल यह उठता है कि जब थाना महज 50 मीटर पर है, तो पुलिस को यह जाम क्यों नहीं दिखाई देता? क्या इटियाथोक पुलिस की कार्यशैली पर खुद पुलिस अधीक्षक गोण्डा को संज्ञान लेना पड़ेगा?

0 Comments