मोबाइल की जगह डिब्बों में मिला साबुन, डिलीवरी ब्वाय पर प्राथमिकी

                 श्री अवध डाटकाम   9839627223

रिपोर्ट - प्रभात सिंह 

बरसठी /जौनपुर :- स्थानीय क्षेत्र की एक डिलीवरी एजेंसी से डिलीवरी के लिए ले जाए गए तीन मोबाइल के डिब्बे खोलने पर उनमें मोबाइल की जगह कपड़े धोने वाला साबुन मिला। एजेंसी संचालक की तहरीर पर पुलिस ने डिलीवरी ब्वॉय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बारीगांव (हनुमान नगर) निवासी एजेंसी संचालक राजकमल पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उक्त बाजार में कनेक्ट इंडिया ई-कॉमर्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड की एजेंसी चलाते हैं। जहां गोपालापुर गांव निवासी आशीष दुबे बतौर डिलीवरी ब्वॉय काम करता है। आरोप है कि 29 अगस्त को आशीष तीन मोबाइल डिलीवरी के लिए लेकर निकला, लेकिन मोबाइल ग्राहकों तक नहीं पहुंचाए गए। तीनों मोबाइल के डिब्बे बाद में कार्यालय में रख दिए गए। एजेंसी संचालक राजकमल के अनुसार, छह सितंबर को कैमरे के सामने तीनों डिब्बे खोले गए तो उनमें मोबाइल के बजाय कपड़े धोने वाला साबुन मिला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस संबंध में डिलवरी बॉय आशीष से फोन पर पूछताछ की गई तो उसने तीनों मोबाइल अपने पास से निकालने की बात स्वीकार की और उन्हें वापस करने का आश्वासन दिया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सात सितंबर को आशीष ने एक मोबाइल वापस कर दिया, लेकिन दो मोबाइल नहीं लौटाए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसके बाद आशीष ने अपना मोबाइल बंद कर लिया और उससे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस ने एजेंसी संचालक की तहरीर पर डिलवरी बॉय आशीष दुबे के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) में प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध मे थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments