श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
इटियाथोक / गोंडा :-- थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर तिवारी में बीते दिनों आई तेज आंधी-तूफान ने श्मशान घाट व ग्राम समाज की भूमि पर लगे करीब 500 से अधिक बेशकीमती सागौन के पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया। ये पेड़ 30-40 वर्ष पुराने बताये जा रहे हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।
मामले को लेकर गांव निवासी पत्रकार रंजीत तिवारी पुत्र रामनरायण तिवारी ने जिलाधिकारी व प्रभागीय वनाधिकारी गोंडा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि तूफान में गिरे ये सागौन के पेड़ ग्राम समाज की संपत्ति हैं, लेकिन कुछ ठेकेदारों व स्थानीय लोगों द्वारा बिना वन विभाग व राजस्व विभाग को सूचना दिये, बिना पंचनामा व बिना नीलामी के ही इन्हें अवैध रूप से काटकर बेचने की तैयारी की जा रही है।
रंजीत तिवारी ने आरोप लगाया है कि यदि बिना नीलामी के पेड़ काटे गये तो यह उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1976 व भारतीय वन अधिनियम 1927 का खुला उल्लंघन होगा और सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर वन दरोगा, रेंजर व लेखपाल की संयुक्त टीम भेजकर गिरे पेड़ों का पंचनामा व वीडियोग्राफी कराई जाये, अवैध कटान पर रोक लगाई जाये और नियमानुसार SDM की मौजूदगी में खुली नीलामी कराकर प्राप्त धनराशि सरकारी खाते में जमा कराई जाये।

0 Comments