अनामिका ने हाथ में तिरंगा लेकर 3 घंटे 40 मिनट में 30 किमी मैराथन दौड़, डीजीपी ने बढ़ाया हौसला

         श्री अवध डाटकाम    9839627223

रिपोर्ट - दिलीप सिंह 

इटियाथोक / गोंडा :--  मेहनत, लगन और हौसले के दम पर छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाली इटियाथोक विकासखंड के भीखम पुरवा गांव की सात वर्षीय अनामिका मिश्रा ने जिले का नाम रोशन किया है। प्राथमिक विद्यालय भीखम पुरवा में कक्षा दो में पढ़ने वाली अनामिका ने शुक्रवार सुबह करीब छह बजे से दौड़ शुरू की और लगातार 30 किलोमीटर की दूरी तय कर गोंडा के गांधी पार्क पहुंची। खास बात यह रही कि अनामिका ने पूरी दौड़ के दौरान अपने दाहिने हाथ में तिरंगा झंडा थामे रखा। अनामिका ने करीब 3 घंटे 40 मिनट में 30 किलोमीटर की मैराथन पूरी की। गांधी पार्क पहुंचने पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने नतमस्तक होकर उसने अपनी मैराथन का समापन किया। यहां स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने नन्हीं धाविका का उत्साह बढ़ाया। उसे माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उसकी उपलब्धि की सराहना की गई।

अनामिका की 30 किलोमीटर लंबी दौड़ को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे मार्ग पर उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मजिस्ट्रेट के साथ एंबुलेंस और पुलिस कर्मियों को लगाया गया था। अधिकारियों की निगरानी में अनामिका ने बिना रुके निर्धारित दूरी पूरी की। इस दौरान उसकी दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास देखने लायक रहा। इतनी कम उम्र में लंबी दूरी की दौड़ पूरी करने को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

गांधी पार्क में पहुंचने के बाद अनामिका का स्वागत किया गया। डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी सहित कई स्कूल के अध्यापक स्थानीय  लोगों ने अनामिका का उत्साहवर्धन किया।

डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि जिस तरह एशियन गेम्स 2026 में विथ्या रामराज ने उपलब्धि हासिल की, उसी तरह कक्षा दो की सात वर्षीय छात्रा अनामिका ने भी कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और इतनी कम उम्र में अनामिका ने जिस प्रतिभा का परिचय दिया है, उससे उसके आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ी है।

अनामिका के पिता व विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी करीब चार वर्षों से दौड़ की तैयारी कर रही थी। लगातार अभ्यास और मेहनत के बाद उसने 30 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने का लक्ष्य बनाया और उसे पूरा करके दिखाया।

अनामिका ने कहा कि उसने आज 30 किलोमीटर की दौड़ लगाई है मात्र 3घंटे 40 मिनट और अपने विद्यालय से गांधी पार्क तक बिना रुके दौड़कर पहुंची है। उसका सपना आगे चलकर ओलंपिक में मैराथन दौड़ में हिस्सा लेना और देश के लिए पदक जीतना है।

अनामिका इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है। बताया गया कि पिछले वर्ष उसने एक घंटे में 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की थी। इसके अलावा 240 पुशअप आठ मिनट में पूरी कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। अब 30 किलोमीटर की मैराथन पूरी कर अनामिका ने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।

अनामिका की दौड़ की सबसे खास बात उसका तिरंगे के प्रति उत्साह रहा। उसने 30 किलोमीटर की पूरी मैराथन के दौरान दाहिने हाथ में तिरंगा थामे रखा। गोंडा के गांधी पार्क में भी तिरंगा हाथ में लेकर उसने अपनी दौड़ पूरी की। उसकी इस तस्वीर और उपलब्धि ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

अनामिका का सपना देश के लिए खेलों में बड़ी उपलब्धि हासिल करना है। उसकी उपलब्धि से भीखम पुरवा सहित पूरे इटियाथोक क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इतनी कम उम्र में अनामिका ने जिस जज्बे और अनुशासन का परिचय दिया है, वह क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा है।

Post a Comment

0 Comments