श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - प्रभात सिंह/ बिमलेश पाठक
बरसठी / जौनपुर :-- जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों की भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले रोहित यादव के पहली बार गांव लौटने पर शुक्रवार को जौनपुर के बरसठी क्षेत्र में जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ। बाबतपुर से जमालापुर होते हुए बधवा बाजार जाने वाली सड़क पर मियाचक और बारीगांव (हनुमान नगर) बाजार में लोगों ने उनका काफिला रोककर स्वागत किया। कार की छत से बाहर निकलकर रोहित हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। गले में पदक और तिरंगा ओढ़े रोहित के साथ तस्वीर लेने और उनकी एक झलक पाने के लिए युवाओं में खासा उत्साह रहा। इस दौरान भारत माता की जय और रोहित यादव जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। काफिले के साथ चल रहे डीजे पर देशभक्ति गीत बजते रहे। मियाचक बाजार पहुंचने पर दुकानदारों, बाजारवासियों, पुलिसकर्मियों और खेलप्रेमियों ने रोहित को फूल-मालाएं पहनाईं। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने भी उनका स्वागत कर पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद काफिला हनुमान नगर बाजार पहुंचा, जहां सैकड़ों लोगों ने रोहित को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन करने बाद काफिला बधवा बाजार होते हुए अदारी (डभिया) स्थित रोहित के गांव के लिए रवाना हो गया। काफिले के दौरान बरसठी पुलिस टीम सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही। इस मौके पर प्रधान राकेश यादव, रविन्द्र यादव, कांतिलाल यादव, डॉ. राकेश यादव, डॉ. इंद्रजीत यादव, कोटेदार अच्छेलाल यादव, चंद्रभान यादव, अभिषेक चौरसिया, सिंटू शर्मा, बी.के यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

0 Comments