रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
इटियाथोक/ गोंडा :-- शनिवार सुबह अचानक आए तेज आंधी-तूफान और झमाझम बारिश ने इटियाथोक ब्लॉक में जमकर तबाही मचाई। तूफान इतना तेज था कि खेतों में खड़ी धान की फसल तो धराशायी हुई ही, साथ ही जगह-जगह विशाल पेड़ और बिजली के पोल भी गिर गये।
भटपुरवा, बिशुनपुर संगम, विशुनपुर तिवारी, अयाह, पूरे इटियाथोक क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। इस समय धान में बालियां आ चुकी हैं, ऐसे में फसल के गिरने से किसानों को 50 से 70 प्रतिशत तक नुकसान होने की आशंका है। किसान हाथ मलते रह गये।
इटियाथोक क्षेत्र के बाबागंज मार्ग-भटपुरवा मुख्य मार्ग, बिशुनपुर संगम संपर्क मार्ग और कई सम्पर्क मार्ग पर बड़े-बड़े पेड़ गिर गये हैं। पेड़ गिरने से सुबह से ही आवागमन पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे अचानक तेज हवा चली और देखते ही देखते सब कुछ तहस-नहस हो गया।
स्थानीय किसानों ने उपजिलाधिकारी और तहसील प्रशासन से मांग की है कि तत्काल राजस्व व कृषि विभाग की टीम भेजकर फसल और पेड़ों के नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए, साथ ही जेसीबी भेजकर बंद रास्तों को खुलवाया जाए खबर प्रकाशित होने तक कोई भी संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे

0 Comments