श्री अवध डाटकाम 9839627223
सुजानगंज/जौनपुर :-- स्थानीय क्षेत्र के कान्हापुर गांव निवासी किक बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल करने वाली क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी लक्ष्मी सिंह का रविवार को कान्हापुर में राजपूत एकता मंच, सुजानगंज की ओर से प्रतिभा सम्मान एवं उत्साहवर्धन कार्यक्रम आयोजित कर सम्मानित किया गया। लक्ष्मी की उपलब्धि पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजपूत समाज के शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद भारत माता की जय के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। मंच के पदाधिकारियों ने लक्ष्मी सिंह को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रवीण सिंह विकास ने कहा कि लक्ष्मी जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संगठन और पूरा समाज उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि बेटी बोझ नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश का अभिमान है।
प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। ऐसी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए संगठन हरसंभव प्रयास करेगा। जिला पंचायत सदस्य आलोक सिंह ने लक्ष्मी का माल्यार्पण कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने वाली बेटियों को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए विपुल सिंह ने प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया तथा लक्ष्मी को आर्थिक सहयोग का भरोसा दिलाया। मुकेश सिंह ने प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। इस दौरान अरविंद सिंह फौजी, रघुवंश सिंह, रामदुलार सिंह, उग्रसेन सिंह, बब्बू सिंह, महेश सिंह, मुरारी सिंह, उदय प्रताप सिंह, रविन्द्र सिंह, वैभव सिंह, विवेक सिंह, नीरज सिंह, अंकित सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
लक्ष्मी के पिता अरविंद सिंह में कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि यह लक्ष्मी की लगन और कड़ी मेहनत का परिणाम है जो आज वह इस स्थान पर पहुंचीं है।
लक्ष्मी का सम्मान केवल एक बेटी का सम्मान नहीं, बल्कि क्षेत्र की उन तमाम बेटियों के हौसले को उड़ान देने वाला कदम है, जो खेल और अन्य क्षेत्रों में देश का नाम रोशन करने का सपना देख रही हैं।

0 Comments