प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना में बड़ा घोटाला, पात्रों का नाम काटकर अपात्रों को बांटा पैसा - उठी जांच की मांग


श्री अवध डाटकाम  9839627223


रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 


गोंडा / इटियाथोक:-- जिले के विकास खण्ड इटियाथोक के ग्राम पंचायत करमडीह कला में प्रधानमंत्री / मुख्यमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। गांव निवासी राम बहादुर शुक्ला पुत्र स्व. ज्वाला प्रसाद शुक्ला ने मुख्य विकास अधिकारी गोंडा को प्रार्थना पत्र देकर प्रधान व सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए त्वरित जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत में पात्र लाभार्थियों का नाम हटाकर फर्जी तरीके से अपात्रों के नाम पर धनराशि निर्गत कराने का आरोप लगाते हुए बताया कि  रजिस्ट्रेशन संख्या UP-47-011-033-001/MMYAY की मूल लाभार्थी किसमतुन निशा के नाम पर आवास दर्ज था, लेकिन आरोप है कि प्रधान-सचिव की मिलीभगत से उनका नाम हटाकर मो. याकूब खान पुत्र मुशीर खान के नाम पर धनराशि निकाल ली गई। इसी प्रकार रजिस्ट्रेशन संख्या 1007682 की मूल लाभार्थी एजाज खान के स्थान पर इबरार खान के नाम पर पैसा निर्गत करा दिया गया।

 प्रार्थना पत्र में 9 लाभार्थियों की सूची दी गई है जिनमें गीता देवी, इबरार खान, सविता देवी, हीरा देवी, सुमारी देवी, मो. याकूब खान, प्रेमवती व पूनम शुक्ला शामिल हैं। इन लाभार्थियों को 1.10 लाख से 1.20 लाख रुपये तक की धनराशि दी गई है, लेकिन मौके पर या तो कोई कार्य नहीं हुआ है या कार्य अधूरा पड़ा है। 9वें लाभार्थी पूनम शुक्ला को 40 हजार में ही पहली किस्त देकर कार्य पूरा बता दिया गया।

शिकायतकर्ता राम बहादुर शुक्ला ने बताया कि वह एक मजदूर पेशा व्यक्ति हैं और गांव में हो रहे भ्रष्टाचार से आहत होकर उन्होंने यह शिकायत की है। जरूरतमंद लोगों को आवास नहीं मिल पा रहा है जबकि कागजों में घोटाला करके पैसा पास करा लिया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी गोंडा से त्वरित जांच कराकर दोषी प्रधान व सचिव के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं एक ओर प्रार्थना पत्र की प्रति जिलाधिकारी महोदय को भी प्रेषित की गई है।


---

Post a Comment

0 Comments