श्री अवध डाटकाम 9839627223
*एक सप्ताह में आधा दर्जन चोरियां, दहशत में ग्रामीण - रो रही जनता, सो रही पुलिस*
रिपोर्ट - रंजीत तिवारी
इटियाथोक / गोंडा :-- थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है। पिछले एक सप्ताह में करीब आधा दर्जन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भारी भय और आक्रोश है।मामला थाने से महज चंद कदम दूर स्थित डाकखाने में दिनदहाड़े हुई चोरी से शुरू हुआ था। डाक अभिकर्ता संत प्यारे तिवारी के अनुसार डाकखाने से 50 हजार रुपये चोरी हो गए थे। इसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी गई है और पुलिस जांच कर ही रही थी कि चोरों ने फिर वारदात को अंजाम दे दिया।थाना क्षेत्र के बिनोहनी गांव में एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया गया। गांव निवासी अरविंद कुमार पुत्र रामदेव ने बताया कि अज्ञात चोर पीछे की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व 7 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। उसी रात गांव के ही दिनेश कुमार वर्मा पुत्र हीरालाल के घर से भी चोर सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।इन घटनाओं की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि बीती रात इसी गांव में फिर बड़ी चोरी हो गई। पीड़ित रामभवन के अनुसार अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने की झुमकी, मटर माला, कान की बाली, चांदी की बिछिया, पायल सहित एक हजार रुपये नगद चुरा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त नहीं करती, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं।इस संबंध में इटियाथोक थानाध्यक्ष से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनका सरकारी मोबाइल व्यस्त बता रहा था।

0 Comments