श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - विजय बाजपेयी
नानपारा/बहराइच :-- आगामी 25 सितंबर को आयोजित होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तहसील व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सोमवार को उपजिलाधिकारी नानपारा प्रकाश सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम ने कोतवाली नानपारा क्षेत्र के इंटहा घाट का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। मटेरा बाजार समेत आसपास के दर्जनों गांवों से गणेश प्रतिमाओं को भव्य जुलूस के साथ विसर्जन के लिए इसी इंटहा घाट पर लाया जाता है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने घाट परिसर की भौगोलिक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम और सीओ ने ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों के आवागमन के रास्तों का विशेष रूप से मुआयना किया। उन्होंने विसर्जन के दिन किसी भी प्रकार के जाम या दुर्घटना से बचने के लिए मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। घाट पर मिली कमियों को रेखांकित करते हुए एसडीएम प्रकाश सिंह ने मातहतों को निर्देशित किया कि समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम और स्थानीय समन्वय पर जोर दिया गया। इस मौके पर मटेरा थानाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, इंटहा ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि, क्षेत्रीय लेखपाल शुभम यादव, आयुष अग्रवाल सहित राजस्व और पुलिस विभाग के कई अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

0 Comments