इटहा के इण्टर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस


           श्री अवध डाटकाम       9839627223 

पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दी गई पुष्पांजलि

रिपोर्ट - विजय बाजपेयी 

नानपारा /बहराइच :- क्षेत्र के बाबा गुरुदेव बालिका इण्टर कॉलेज, इटहा में शनिवार को शिक्षक दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने अपने गुरुओं के प्रति आदर एवं कृतज्ञता प्रकट की। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में एक विशेष केक काटा और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। छात्रों ने भाषण और कविता पाठ के जरिए शिक्षकों के मार्गदर्शन और योगदान की सराहना की। पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और गुरु वंदना के सुरों से गुंजायमान रहा। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार मौर्य ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा शिक्षक दिवस केवल एक दिन का औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन सभी गुरुओं के प्रति अटूट आभार व्यक्त करने का अवसर है जो हमें जीवन की सही राह दिखाते हैं। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण कर उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। शिक्षक सुशील साहू ने विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासित रहने और शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। इस भव्य समारोह के दौरान विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य रूप से सुशील साहू, विवेक तिवारी, संजय शुक्ल, अरुन मिश्र, रेखा देवी, सोनी, गुंजन पांडेय सहित अन्य सम्मानित शिक्षकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments