बिजली के पंखा में उतरे करंट की चपेट में आई विवाहिता की मौत , परिवार में मचा कोहराम


 श्री अवध डाटकाम    9839627223

सुजानगंज/जौनपुर :-- स्थानीय क्षेत्र के नाहरमऊ गांव में बिजली के पंखा में उतरे करेंट की चपेट में आने से एक विवाहिता की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।

मिली जानकारी के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र के नाहरमऊ गांव निवासी बीरेंद्र कुमार गौतम की पत्नी कंचन (35) गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पास में चल रहे पंखे को दूसरे स्थान पर रखते समय वह बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। हादसे के समय घर में छोटे बच्चे ही मौजूद बताए गए। करंट लगने की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में कंचन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई।

कंचन सुजानगंज क्षेत्र के अरुआं गांव निवासी अवधेश गौतम की पुत्री है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें बेटा आरके करीब पांच वर्ष और बेटी मीनाक्षी करीब चार वर्ष की है। मां की मौत से दोनों मासूमों के सिर से ममता का साया उठ गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।

Post a Comment

0 Comments