श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - दिलीप सिंह
गोण्डा :-- जिले के थाना परसपुर पुलिस अभिरक्षा से एक वारंटी फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में पुलिस अभिरक्षा में अभियुक्त की सुरक्षा और निगरानी में लापरवाही सामने आने पर चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को थाना परसपुर परिसर से पुलिस अभिरक्षा में रखा गया वारण्टी अभियुक्त आलोक सिंह पुत्र राजकुमार सिंह, निवासी राजाटोला, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा फरार हो गया था। अभियुक्त के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को पुलिस अधीक्षक अभिषेक जा ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच के दौरान अभियुक्त की सुरक्षा एवं निगरानी में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई।
लापरवाही पाए जाने पर का. अजय सिंह, का. अमित कुमार, का. शुभम वर्मा और का. राहुल पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी की गई है । इसके अलावा थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी, दिवसाधिकारी उपनिरीक्षक विजय बहादुर यादव तथा हेड मोहर्रिर आशुतोष पाण्डेय के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। ड्यूटी पर तैनात तीन होमगार्डों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित प्राधिकारी को पत्र भेजा गया है। वहीं एक पीआरडी जवान के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी, गोण्डा को पत्र प्रेषित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। इससे स्पष्ट है कि पुलिस अभिरक्षा में रखे गए अभियुक्तों की सुरक्षा और निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

0 Comments