रिपोर्ट - प्रभात सिंह
बरसठी / जौनपुर :-- स्थानीय क्षेत्र के सिरौली गांव में शनिवार शाम पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी गोविंदा (16वर्ष) पुत्र कमलेश कुमार गौतम शनिवार शाम घर से निकला लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब आठ बजे गड्ढे के किनारे उसके कपड़े मिले। इसके बाद परिजनों ने पानी में उतरकर तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका। गोविंदा दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई विक्रम उर्फ कल्लू है। परिजनों के अनुसार गोविंदा की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमता रहता था। बताया कि कुछ दिन पहले उसने इसी गड्ढे में लड़कों को नहाते हुए देखा था। आशंका है कि वह भी नहाने के लिए गड्ढे में उतरा होगा और गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। पिता कमलेश कुमार मजदूरी करते हैं और करीब एक माह पहले रोजगार के लिए मुंबई गए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह मुंबई से ट्रेन पकड़कर गांव के लिए रवाना हो गए है। इधर घटना की सूचना पर पहुंची बरसठी पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि पानी में डूबने से किशोर की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments