रिपोर्ट -दिलीप सिंह
गोंडा :- जिले के इटियाथोक क्षेत्र के मेहनौन गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कर्बला क्षेत्र के पास झाड़ियों में छिपे एक विशालकाय अजगर ने घास चर रही बकरी को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार गांव की महिलाएं कर्बला क्षेत्र के आसपास बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे अजगर ने अचानक एक बकरी को जकड़ लिया। महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर बकरी को अजगर के कब्जे से छुड़ाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के मुताबिक अजगर काफी बड़ा था और बकरी को जकड़कर झाड़ियों से घसीटते हुए रास्ते की ओर ले आया था। घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों वाचर विकास वर्मा और मनोज वर्मा ने ग्रामीणों की मदद से अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। वन रक्षक विकास शुक्ला के अनुसार अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

0 Comments