जिले में बड़ी धूमधाम से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह

        श्री अवध डाटकाम       9839627223

रिपोर्ट - रंजीत तिवारी 

गोंडा :-- जिले में विभिन्न स्थानों पर, निजी एवं सार्वजनिक स्थानों पर  80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।

 इटियाथोक क्षेत्र के गजाधर पुर में संचालित बाबा सत्य नारायण शिक्षण संस्थान में 15 अगस्त  80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर प्रातः से ही तिरंगे की शान, देशभक्ति के नारों और बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज तिरंगे के ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपने सम्मान एवं संकल्प को दोहराया।

स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विविध प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक, कविता एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम को अभिव्यक्त किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया और पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट एवं भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।


समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री आलोक कुमार मौर्य, प्रबंधक श्री शत्रुघ्न प्रसाद मौर्य, उपप्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार वर्मा सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक श्री नंदकुमार मौर्य, श्री बहादुर मौर्य, श्री शिवम मौर्य,श्री दुर्गा प्रसाद द्विवेदी, श्री अयूब खान, श्रीमती नीलम मिश्रा, कुमारी मंजू कनौजिया, कुमारी निधि द्विवेदी, कुमारी सीमा मिश्रा, कुमारी रुखसार बानो, कुमारी विन्ध्वासिनी द्विवेदी,कुमारी संजना कश्यप ,श्री प्रिंस कुमार वर्मा, श्री कपिल खान, श्री शिवपाल कनौजिया, श्री योगेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की गरिमामई उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक श्री शत्रुघ्न प्रसाद मौर्य की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही उनके छोटे भाई श्री सतगुरु प्रसाद मौर्य तथा गांव के अनेक सम्मानित एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न विभागों एवं संस्थानों से जुड़े अनेक सम्मानित लोगों ने भी विद्यालय में पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की तथा विद्यालय परिवार को इस पावन राष्ट्रीय पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि हमारे लिए एक महान जिम्मेदारी भी है। देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज आवश्यकता है कि हम उनके बलिदानों को याद करते हुए अपने देश, समाज और राष्ट्र के विकास में ईमानदारी से अपना योगदान दें।विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार, नैतिकता, सेवा, सद्भाव और भारतीय संस्कृति के मूल्यों से भी जोड़ा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी एक मजबूत, संस्कारी और जिम्मेदार भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सके।

अंत में विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों, अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों, क्षेत्रवासियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्यारे छात्र-छात्राओं का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला एक यादगार अवसर रहा।

Post a Comment

0 Comments