श्री अवध डाटकाम 9839627223
सुजानगंज / जौनपुर :- स्थानीय क्षेत्र के बेलवार गांव में स्थित गंगा बाबा के बाग के पुराने गहरे कुएं में शुक्रवार को एक बछड़ा फिसलकर गिर गया। कुएं से निकल रही बछड़े की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गोवंश संरक्षण से जुड़े जिला अध्यक्ष सत्यम तिवारी को दी। सूचना मिलते ही सत्यम तिवारी अपने सहयोगी ओम दुबे के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड टीम से संपर्क किया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।घंटों की मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बचाव अभियान के दौरान पशु चिकित्सक को भी बुलाया गया। पशु चिकित्सक द्वारा बछड़े का उपचार किया गया। स्वास्थ्य की स्थिति सामान्य पाए जाने पर उसे सुरक्षित छोड़ दिया गया। बछड़े के सकुशल रेस्क्यू से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और फायर ब्रिगेड टीम के साथ-साथ सत्यम तिवारी एवं ओम दुबे के प्रयासों की सराहना की। मौके पर विनोद कुमार, मंगेश मिश्र, बंसराज, संजय उपाध्याय, रमाशंकर पांडेय, विद्याधर मिश्रा, हिरन उपाध्याय, जुगबालक मिश्रा, क्षेत्र पंचायत सदस्य उमेश मिश्रा (बीडीसी) सहित गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
घटना के बाद ग्रामीणों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि उक्त पुराने कुएं के चारों ओर शीघ्र बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि कुआं खुला होने के कारण भविष्य में किसी बच्चे, राहगीर अथवा पशु के गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने इसे जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

0 Comments