सुजानगंज/ जौनपुर :-- स्थानीय क्षेत्र के बौरई गांव निवासी वीरेंद्र गुरु के होनहार पुत्र सचिन यादव उर्फ राजा ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक NEET 2026 में 4783वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है।
सचिन की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और घर पर उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देने के लिए सचिन के आवास पर शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्राम प्रधान ललित यादव प्रधान इंजीनियर ने परिजनों की मौजूदगी में सचिन यादव को मिठाई खिलाकर और फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर इतनी बड़ी सफलता हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सचिन आज हमारे गांव के सैकड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।
अपनी इस शानदार सफलता पर बेहद उत्साहित और भावुक सचिन यादव ने अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए कहा: यह सफलता बहुत ही कठिन मेहनत और निरंतरता का परिणाम है। यदि आप जीवन में एक लक्ष्य बनाकर पूरी ईमानदारी से मेहनत करते हैं, तो कामयाबी निश्चित तौर पर मिलती है।
परिजनों ने बेहद खुशी जताते हुए बताया कि सचिन का बचपन से ही यह सपना था कि वह एक बेहतरीन डॉक्टर बनकर देश और समाज की निस्वार्थ सेवा करे। आज उसकी बरसों की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प रंग लाया है। ग्रामीणों को पूरी उम्मीद है कि सचिन भविष्य में एक शीर्ष चिकित्सक बनकर देश का नाम और ऊंचा करेगा।

0 Comments