नीलगाय से टकराई बाइक,महिला की दर्दनाक मौत

रिपोर्ट - दिलीप सिंह 

गोंडा :-- जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर बेंदुली गांव के पास उस समय हुआ, जब अचानक सामने आई नीलगाय से मोटरसाइकिल टकरा गई। इस दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका पति और सात वर्षीय बेटा सुरक्षित बच गए।  

मिली जानकारी के अनुसार, खरगूपुर थाना क्षेत्र के खरगूपुर इमिलिया गांव निवासी रामतेज वर्मा अपनी पत्नी ममता वर्मा (28) का उपचार कराकर सात वर्षीय पुत्र कार्तिक के साथ गोंडा से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल बेंदुली गांव के समीप पहुंची, तभी एक नीलगाय अचानक तेज रफ्तार से सड़क पर आ गई और बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ममता वर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में पति रामतेज वर्मा और पुत्र कार्तिक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और दोनों सुरक्षित बताए गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रभारी निरीक्षक कमलकांत त्रिपाठी ने महिला की सड़क दुर्घटना में मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।  

मृतका ममता वर्मा अपने पीछे पति, नौ वर्षीय पुत्री और सात वर्षीय पुत्र को छोड़ गई हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने सड़क पर अचानक आने वाले जंगली जानवरों से बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा के प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments