प्रेस क्लब निर्माण और स्वास्थ्य सुविधा की मांग को लेकर पत्रकारों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

         श्री अवध डाटकाम     9839627223

रिपोर्ट - दिलीप सिंह 

गोंडा :-  उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, शाखा गोंडा के बैनर तले मंगलवार को पत्रकारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं प्रभारी मंडलायुक्त राकेश पाण्डेय को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूनियन के जिलाध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा ने किया । ज्ञापन में गोंडा में प्रेस क्लब का शीघ्र निर्माण कराने तथा मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों के लिए प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। पत्रकारों का कहना है कि प्रेस क्लब के लिए प्रशासन द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्रमजीवी पत्रकार यूनियन पिछले एक दशक से प्रेस क्लब निर्माण की मांग कर रहा है। दो वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास भवन परिसर में प्रेस क्लब बनाने की घोषणा भी की थी। इसके बाद कई बार शासन स्तर से निर्माण का इस्टीमेट मांगा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

जिलाध्यक्ष कैलाश नाथ वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने से पहले योगी आदित्यनाथ गोंडा रेलवे स्टेशन पर स्थानीय पत्रकारों से नियमित संवाद करते थे, लेकिन अब गोंडा के पत्रकारों की लंबे समय से लंबित मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रेस क्लब निर्माण की घोषणा को जल्द अमल में लाने की मांग की।

पत्रकारों ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों की एकता, गरिमा और पेशेवर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज में प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से फील्ड में कार्यरत पत्रकारों को आपातकालीन परिस्थितियों में बड़ी राहत मिलेगी।

इस दौरान कृष्ण कुमार शर्मा, विकास सोनी, हरीश गुप्ता, राजेंद्र सिंह जिंदल, राजू मौर्य, आर.सी. पांडेय, मणिकांत तिवारी, विजय बहादुर तिवारी, ओमचंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, राकेश कुमार, उमेश श्रीवास्तव सहित यूनियन के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments