घर के पास मिला युवती का शव, हत्या की आशंका, पति समेत पांच पर मुकदमा

             श्री अवध डाटकाम        9839627223

खेतासराय / जौनपुर:--  स्थानीय थाना क्षेत्र के सोंगर गांव में छह दिनों से लापता युवती का शव घर से कुछ दूरी पर बांस की झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की हालत अत्यंत खराब होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है पुलिस ने मायके वालों की तहरीर पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सोंगर गांव निवासी रसीदा 24 पत्नी कलीम पांच भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटी थी। मायके वालों के मुताबिक उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व गांव निवासी कलीम के साथ हुई थी शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के संबंधों में तनाव बढ़ गया जिसके बाद कलीम मुंबई चला गया और रसीदा अपने मायके में रहने लगी। बताया जाता है कि रसीदा अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए 8 जुलाई की रात घर के सामने आयोजित कार्यक्रम में गई थी। इसके बाद वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन खेतासराय थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। सोमवार शाम गांव के कुछ बच्चे हॉकी खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद पास स्थित बांस की झाड़ियों में चली गई। गेंद लेने पहुंचे बच्चों की नजर वहां पड़े एक शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने शव की पहचान रसीदा के कपड़ों के आधार पर की। शव का ऊपरी हिस्सा काफी हद तक कंकाल में तब्दील हो चुका था,जबकि निचला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। सूचना पर पहुंची खेतासराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले से फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य व नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे।  कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ सिटी जौनपुर, क्षेत्राधिकारी शाहगंज सहित कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

मायके वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति कलीम सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव का ऊपरी हिस्सा काफी हद तक कंकाल में परिवर्तित हो चुका है। मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है और सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments