श्री अवध डाटकाम 9839627223
रिपोर्ट - विपिन मौर्य
मिहींपुरवा / बहराइच:-- जिले के विकासखंड मिहींपुरवा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत उर्रा में बिजली की अघोषित कटौती और लगातार लो वोल्टेज की समस्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुरुवार को अम्बेडकर पार्क, उर्रा में ग्रामीणों ने बैठक कर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में दिनभर में मुश्किल से 4 से 5 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। पूरे दिन वोल्टेज 80 से 100 वोल्ट तक गिर जाने से पंखे, कूलर, फ्रिज, इन्वर्टर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में यह भी बताया गया कि बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण इंटरनेट सेवा भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। उर्रा क्षेत्र की इंटरनेट व्यवस्था बिजली आपूर्ति पर निर्भर होने के कारण बिजली बाधित होते ही नेटवर्क ठप हो जाता है, जिससे ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, बैंकिंग और अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र की इस गंभीर समस्या से बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने मांग की कि नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और फीडर व्यवस्था में सुधार किया जाए। कहां गया है, कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा। बैठक में क्षेत्र के ग्रामीण, व्यापारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे तथा सभी ने एक स्वर में बिजली संकट के तत्काल समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

0 Comments